नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार: विकास और जनविश्वास की जीत है यह बदलाव – प्रधानमंत्री मोदी
रायपुर/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद के खिलाफ देश की लड़ाई को विकास, सुशासन और जनविश्वास की ऐतिहासिक विजय बताते हुए कहा है कि सरकार ने नक्सलवाद और माओवाद को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया था, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश के सामने हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय, हिंसा और अविश्वास का माहौल था, वहां अब विकास, अवसर और नई उम्मीदों का दौर शुरू हो चुका है।
जहां डर था, वहां अब विकास की रोशनी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग भय और असुरक्षा के साये में जीवन जीने को मजबूर थे। विकास कार्यों को लगातार बाधित किया जाता था। सड़क निर्माण, संचार सुविधाओं और अन्य आधारभूत परियोजनाओं का हिंसक विरोध किया जाता था। कई बार निर्माण सामग्री को जला दिया जाता था और विकास कार्यों को रोकने के लिए ठेकेदारों को धमकाया जाता था।
उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। हजारों किलोमीटर सड़कों का निर्माण, हजारों मोबाइल टावरों की स्थापना, बैंकिंग और डाक सेवाओं का विस्तार तथा वित्तीय समावेशन जैसी पहलें लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सफल रही हैं।
सिर्फ सुरक्षा नहीं, विश्वास की भी लड़ाई जीती
प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई केवल हथियारों के बल पर नहीं लड़ी गई। सरकार ने सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी समान रूप से ध्यान दिया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का भरोसा मजबूत करने और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के कारण आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम जनता का विश्वास शासन व्यवस्था के प्रति बढ़ा है।
बस्तर अब बदलाव की नई पहचान
प्रधानमंत्री ने बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कभी हिंसा और आतंक की खबरें सुर्खियां बनती थीं, वहां आज युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा नए भारत की तस्वीर पेश कर रही है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों में लाखों युवाओं की भागीदारी इस सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अब बस्तर के युवा हिंसा के रास्ते को छोड़कर शिक्षा, खेल, रोजगार और विकास के मार्ग को चुन रहे हैं, जो क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
बस्तर में दिख रहा विकास का आत्मविश्वास : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नेशन फर्स्ट” संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस ने बस्तर सहित पूरे नक्सल प्रभावित क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।
उन्होंने कहा कि जहां कभी नक्सलवाद का आतंक था, वहां आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार, बैंकिंग और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास का आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति, सुरक्षा बलों की वीरता और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद का अध्याय लगभग समाप्ति की ओर है।
हिंसा नहीं, विकास और पर्यटन से बनेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज बस्तर की पहचान हिंसा नहीं, बल्कि विकास, जनभागीदारी, खेल, पर्यटन और नई संभावनाओं से बन रही है। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन और अंत्योदय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन और विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा तथा बस्तर देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।
