लोकभवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी सहित लोकभवन के अधिकारी और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

योग सत्र में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, उप सचिव सुश्री निधि साहू तथा लोकभवन के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योग क्रियाओं और आसनों का अभ्यास किया।

कार्यक्रम में ईशा फाउंडेशन के योग प्रशिक्षक रितेश प्रधान ने प्रतिभागियों को योग नमस्कार का अभ्यास कराया। वहीं छत्तीसगढ़ योग आयोग के प्रशिक्षक भोजराज साहू, अशोक साहू, धनश्री साहू, दीनू राम साहू और तुषार साहू ने योग के विभिन्न आसनों और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए अभ्यास कराया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने, सकारात्मक सोच विकसित करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प भी लिया।

About The Author