नेउरगाँव खुर्द में भारत माता प्रतिमा और शहीद स्मारक का लोकार्पण, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया प्रेरणादायी पहल

कवर्धा/कबीरधाम। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम नेउरगाँव खुर्द में भारत माता की प्रतिमा और भव्य शहीद स्मारक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की एकजुटता, राष्ट्रभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह गांव पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गया है।
जनभागीदारी से बना शहीद स्मारक
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के बलिदान को चिरस्थायी बनाने के लिए ग्रामीणों ने जिस समर्पण के साथ यह स्मारक बनाया है, वह सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि स्मारक निर्माण की शुरुआत उनकी विधायक निधि से प्रदान किए गए 3.50 लाख रुपये से हुई थी, लेकिन बाद में गांव के लोगों ने इसे अपनी श्रद्धा का प्रतीक मानते हुए हर घर से सहयोग जुटाया।
ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और जनभागीदारी के माध्यम से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से इस भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया, जो आज देशभक्ति और सामूहिक सहभागिता की मिसाल बन गया है।
नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
विजय शर्मा ने कहा कि ऐसे स्मारक केवल संरचनाएं नहीं होते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाने वाले प्रेरणा स्थल होते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और एकता की भावना को मजबूत करेगी।
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और ग्रामवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने गांव के लोगों की एकजुटता और समाजहित में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जनभागीदारी विकास की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

About The Author