बलौदाबाजार में अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 10 हाइवा वाहन जब्त

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह सघन जांच अभियान चलाकर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया।
एसडीएम सिमगा के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे सिमगा स्थित जायसवाल फैमिली ढाबा के पास संयुक्त टीम द्वारा औचक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान रेत से भरे कई हाइवा वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG09JT3532, CG09JQ9614, CG09JC8879, CG25G1429, CG25G7400, CG09JT9184, CG25N2896, CG25P9074, CG09JT9614 और CG09J50181 में रेत का परिवहन करते पाया गया। जब वाहन चालकों से वैध परिवहन पास और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वे कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके।
केवल वाहन क्रमांक CG09JS6362 के चालक द्वारा परिवहन पास प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष 10 वाहनों के चालक मौके पर वाहन की चाबी निकालकर फरार हो गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने सभी वाहनों का पंचनामा तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

About The Author