कुनकुरी को मिली बड़ी सौगात: 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर और अतिरिक्त 11 केवी फीडर शुरू
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र को महत्वपूर्ण सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता वाले पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण कार्य पूर्ण कर विद्युत आपूर्ति भी प्रारंभ कर दी गई है।
विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन के लिए व्यापक तकनीकी तैयारियां की गईं। कार्यस्थल पर आवश्यक स्थान उपलब्ध कराने हेतु दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य किया गया। सभी तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद नए ट्रांसफार्मर की स्थापना सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ने से क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं नए 11 केवी फीडर के शुरू होने से विद्युत भार का बेहतर वितरण संभव होगा, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर किए गए इस उन्नयन कार्य को क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और विद्युत उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।
