मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बनी किसानों की उम्मीद, शिकायत के बाद किसान राम बलारिक यादव को मिला समय पर खाद

बलरामपुर-रामानुजगंज। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रभावी मंच के रूप में उभर रही है। हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
इसका एक सकारात्मक उदाहरण बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड निवासी किसान राम बलारिक यादव हैं। खरीफ सीजन की तैयारियों के दौरान उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही थी, जिससे उनकी बोआई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। खेती पर निर्भर किसान के लिए यह स्थिति चिंता का विषय बन गई थी।
समस्या के समाधान के लिए राम बलारिक यादव ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही कृषि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और आवश्यक कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों के प्रयासों से किसान को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराया गया, जिससे वह समय पर खेती की तैयारियां पूरी कर सके और बोआई कार्य प्रभावित होने से बच गया।
राम बलारिक यादव ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी समस्या का इतनी जल्दी समाधान हो जाएगा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी शिकायत सीधे संबंधित विभाग तक पहुंची और समयबद्ध कार्रवाई होने से उन्हें बड़ी राहत मिली।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन वास्तव में किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बन रही है। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के लिए भटकना नहीं पड़ता और शासन की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान हो और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन इसी उद्देश्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

About The Author