फर्जी खबरों से सावधान! छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल, जुलाई से सत्र शुरू होने की खबर गलत
स्कूल शिक्षा विभाग ने किया स्पष्ट, सोशल मीडिया पर वायरल दावा पूरी तरह भ्रामक
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि राज्य की सभी शासकीय और अशासकीय (निजी) स्कूलों का नियमित संचालन 16 जून 2026, मंगलवार से ही शुरू होगा।
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि भीषण गर्मी या अन्य कारणों के चलते स्कूलों का नया सत्र 1 जुलाई 2026 से शुरू किया जाएगा। इस खबर के वायरल होने के बाद अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई थी।
विभाग ने बताया पूरी तरह फर्जी और भ्रामक
स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जुलाई से सत्र शुरू होने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही जानकारी पूरी तरह असत्य, भ्रामक और फर्जी है।
विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे केवल विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों से सावधान रहें।
16 जून से नियमित रूप से लगेंगी कक्षाएं
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्यभर के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 16 जून 2026 से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ होंगी। विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर स्कूल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों पर न करें विश्वास
विभाग ने कहा है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल अधिकृत सरकारी आदेशों और विभागीय सूचना माध्यमों का ही अनुसरण करें। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अप्रमाणित खबरों को साझा करने से बचें।
