पीएम मोदी की ‘मन की बात’ सुन डॉ. वर्णिका शर्मा ने सुनी बच्चों के मन की बात, आम प्रदर्शनी की कराई सैर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का श्रवण छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बाल आश्रम के बच्चों के साथ किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को बड़े उत्साह और रुचि के साथ सुना।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के युवा धावक अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि देश के युवा खिलाड़ी लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और अनिमेष इसकी प्रेरणादायक मिसाल हैं। राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी की सराहना सुनकर बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में पाए जाने वाले प्रसिद्ध आमों और गर्मी के मौसम में पारंपरिक पेय पदार्थों का भी जिक्र किया। आम की विभिन्न प्रजातियों के बारे में सुनकर बाल आश्रम के बच्चों में उत्सुकता बढ़ी और उन्होंने आम प्रदर्शनी देखने की इच्छा जताई।

बच्चों की इस जिज्ञासा और उत्साह को देखते हुए आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने तत्काल पहल करते हुए बच्चों को आम प्रदर्शनी ले जाने के लिए विशेष बस की व्यवस्था कराई। प्रदर्शनी में बच्चों ने विभिन्न किस्मों के आमों को देखा, उनके बारे में जानकारी प्राप्त की और इस अनूठे अनुभव का आनंद लिया। प्रदर्शनी के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बच्चों को केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसे ज्ञानवर्धक और अनुभवात्मक अवसर भी मिलने चाहिए जो उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा दें और सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेश और बच्चों की रुचियों को प्रोत्साहित करने वाली गतिविधियां उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी इच्छाओं और जिज्ञासाओं को समझना और उन्हें सकारात्मक दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह के प्रयास बच्चों के आत्मविश्वास और ज्ञान को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं।

About The Author