ईरान को बड़ा झटका, आईआरजीसी खुफिया प्रमुख मजीद खादमी हमले में मारे गए

तेहरान। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान को बड़ा झटका लगा है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल मजीद खादमी की 6 अप्रैल सुबह अमेरिका-इजरायल के हमले में मौत हो गई। ईरान ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।

आईआरजीसी ने अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी बयान में कहा कि खुफिया संगठन के प्रमुख मेजर जनरल मजीद खादमी दुश्मन द्वारा किए गए हमले में मारे गए। वहीं इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल कार्ट्ज ने भी बयान जारी कर कहा कि इजरायल ने आईआरजीसी के खुफिया प्रमुख को मार गिराया है।

मजीद खादमी को पिछले वर्ष जून में ईरान के खुफिया विभाग का प्रमुख बनाया गया था। उनकी नियुक्ति उस समय हुई थी जब इजरायली हवाई हमले में उनके पूर्व खुफिया प्रमुख मोहम्मद काजमी और उनके डिप्टी हसन मोहाकिक की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक अन्य वरिष्ठ कमांडर मोहसेन बघेरी भी हमले में मारे गए थे।

खादमी इससे पहले ईरान के रक्षा मंत्रालय में खुफिया सुरक्षा संगठन के प्रमुख रह चुके थे। उन्हें देश के शीर्ष नेतृत्व का करीबी और भरोसेमंद अधिकारी माना जाता था तथा उन्हें खुफिया गतिविधियों का लंबा अनुभव था।

इधर, युद्ध के बीच अमेरिका और इजरायल की ओर से युद्धविराम की कोशिशों की खबरें भी सामने आ रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच सीजफायर का प्रस्ताव तैयार कर वार्ताकारों को भेजा गया है। प्रस्ताव पर सहमति बनने की स्थिति में 15 से 20 दिनों के भीतर युद्धविराम संभव माना जा रहा है।

प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने और मध्य पूर्व में हमले रोकने की शर्तें शामिल हैं। हालांकि, ईरान ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पाकिस्तान की ओर से प्रस्तावित अस्थायी युद्धविराम में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की शर्त स्वीकार नहीं की जाएगी।

About The Author