खामेनेई के बाद अब लारिजानी निशाने पर: इजराइली हमले से ईरान में हड़कंप, मौत की खबरों पर सस्पेंस बरकरार

तेहरान। ईरान के वरिष्ठ नेता अली लारिजानी को लेकर इजराइल ने बड़ा दावा किया है। इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा है कि लारिजानी को निशाना बनाकर हमला किया गया, हालांकि उनकी मौत की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं ईरान ने इस दावे को खारिज कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इजराइल ने खुफिया जानकारी के आधार पर 16 मार्च की रात लारिजानी के ठिकानों पर हमला किया। हमले के बाद उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है और इजराइल भी इसकी पुष्टि करने में जुटा है।

लारिजानी को ईरान की सत्ता संरचना में अहम माना जाता है और उन्हें शीर्ष नेतृत्व का करीबी बताया जाता है। हाल के घटनाक्रम में वे प्रमुख निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

इजराइली मीडिया के अनुसार युद्ध के तीसरे सप्ताह में इजराइल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। हालांकि लारिजानी के बारे में विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

इस बीच इजराइल डिफेंस फोर्स ने यह भी दावा किया है कि उसने बासिज फोर्स के प्रमुख गुलाम रजा सुलेमानी को मार गिराया है। बासिज ईरान का एक प्रमुख अर्द्धसैनिक संगठन है।

वहीं लारिजानी के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि इस मामले में जल्द आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। फिलहाल दोनों देशों के दावों के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

About The Author