ग्वालियर: एयरफोर्स कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात, FIR दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने एयरफोर्स जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली कॉलोनी को भी निशाना बना लिया। महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन की कवर्ड कॉलोनी में घुसे चोरों ने महिला विंग कमांडर और पड़ोसी स्क्वाड्रन लीडर के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना ग्वालियर के महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन स्थित कवर्ड एयरफोर्स कॉलोनी के चंबल एंक्लेव की है। यहां रहने वाली विंग कमांडर जसप्रीत कौर भारतीय वायुसेना के महाराजपुरा एयरबेस पर पदस्थ हैं। रात के समय अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि रात में अचानक आहट होने पर जसप्रीत कौर की नींद खुल गई। उन्होंने चोरों को घर से भागते हुए देखा। इसी दौरान पास में रहने वाले स्क्वाड्रन लीडर अजीत सिंह कंसाना के घर के भी ताले टूटे मिले।
लोगों के पहुंचने से पहले ही दोनों अज्ञात चोर कॉलोनी की बाउंड्री कूदकर फरार हो गए। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार चोर घर से करीब 5 ग्राम की सोने की चेन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
महाराजपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है।
