नियमों को ताक पर रखकर ढो रहे थे सवारियां, नारायणपुर में पिकअप पलटने से 3 की गई जान

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा नारायणपुर ओरछा मुख्य मार्ग पर ग्राम झारा घाटी के पास हुआ, जहां एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से पलट गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में 30 से अधिक लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन का उपयोग यात्रियों को ढोने के लिए किया जा रहा था, जबकि ऐसे वाहनों में सवारी ले जाना नियमों के खिलाफ है। इससे पहले भी इस तरह के वाहनों से कई हादसे हो चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

About The Author