अंडमान में बड़ा हादसा: समंदर में गिरा पवन हंस का हेलीकॉप्टर, पायलट की सूझबूझ से बची 7 लोगों की जान
नई दिल्ली। झारखंड विमान हादसे के एक दिन बाद अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पवन हंस का एक हेलीकॉप्टर समुद्र में क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर में दो क्रू मेंबर सहित सात लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है।
यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर मायाबंदर के पास हुआ। अधिकारियों के अनुसार हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर श्री विजयपुरम से उड़ान भरी थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तकनीकी खराबी के चलते पायलट ने समुद्र में क्रैश लैंडिंग की।
पवन हंस के प्रवक्ता ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने पोर्ट ब्लेयर से उड़ान भरी थी। हादसे के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को समुद्र से सुरक्षित निकाल लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बचाए गए सभी लोगों को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नॉर्थ और मिडिल अंडमान जिले के अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। नागरिक उड्डयन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
झारखंड में एयर एंबुलेंस विमान हादसा
सोमवार शाम झारखंड के चतरा जिले के घने जंगलों में एक मेडिकल एयर एंबुलेंस विमान क्रैश हो गया था। विमान में सात लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई।
विमान ने शाम करीब 7 बजकर 11 मिनट पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के 20 से 25 मिनट के भीतर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क और रडार संपर्क टूट गया। बाद में विमान सिमरिया के पास कसारिया बरियातू पंचायत क्षेत्र के जंगल में दुर्घटनाग्रस्त मिला।
