जर्जर स्कूल दीवार गिरने से पांचवीं के छात्र की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
कटनी। कटनी जिले के विजयराघवगढ़ क्षेत्र में शासकीय स्कूल की जर्जर दीवार गिरने से कक्षा पांचवीं के एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को बमहनगवां स्थित शासकीय स्कूल परिसर में अचानक दीवार भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आकर पांचवीं कक्षा का छात्र राजकुमार बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट आई और खून बहने लगा। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घायल छात्र को तत्काल विजयराघवगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि स्कूल भवन पहले से जर्जर हालत में था, फिर भी समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। अब बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग और स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।
