मुंगेली की सुप्रिया ठाकुर बनीं लेफ्टिनेंट, ऑल इंडिया रैंक 4 हासिल

बिलासपुर। मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा निवासी सुप्रिया ठाकुर का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। उनका चयन एसएससी डब्ल्यू टेक 66 एंट्री के माध्यम से हुआ है। उन्हें 17 एसएसबी बोर्ड बेंगलुरु से अनुशंसा प्राप्त हुई है। इलेक्ट्रॉनिक्स वैकेंसी में सुप्रिया ने ऑल इंडिया रैंक 4 हासिल कर देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

सुप्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल तारबहार बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की। वे एनसीसी सी सर्टिफिकेट धारक भी हैं। एनसीसी के दौरान ही उन्हें भारतीय सेना के कार्य से जुड़ने का अवसर मिला, जिससे देशसेवा का संकल्प और मजबूत हुआ।

सुप्रिया ने बताया कि बचपन से ही उनका सपना सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना था। इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता पिता और भाई को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया। उनके पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत हैं। परिवार मूल रूप से ग्राम टेढ़ाधौरा का निवासी है, जबकि उनकी पढ़ाई बिलासपुर में हुई।

सुप्रिया की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उन्हें लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अब वे प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण लेकर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देशसेवा का दायित्व निभाएंगी।

About The Author