दुर्ग: सीआईएसएफ जवान ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

दुर्ग। जिले के उतई थाना अंतर्गत सीआईएसएफ आरटीसी कैंप में पदस्थ एक जवान ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जवान का शव कैंप के भीतर साइकिल स्टैंड के पास फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक जवान की पहचान 27 वर्षीय मुकेश सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का निवासी था। आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मुकेश लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहा था। इस बीमारी के कारण उसके मानसिक तनाव में होने की आशंका जताई जा रही है।

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक कागज मिला है, जिस पर जवान ने अपने भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस इसे जांच का अहम हिस्सा मान रही है। उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी अब कैंप के अन्य कर्मचारियों और जवान के साथियों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।

About The Author