मायावती पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में श्रेया यादव के खिलाफ केस दर्ज
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बसपा पदाधिकारियों की शिकायत पर कृष्णा नगर कोतवाली में श्रेया यादव नामक महिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी महिला स्वयं को समाजवादी पार्टी की सक्रिय सदस्य बताती है और फेसबुक पर उसके 50 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं।
बैठक के दौरान सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, आलमबाग के गढ़ी कनौरा निवासी और बसपा के कैंट विधानसभा अध्यक्ष ने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, सोमवार शाम दामोदर नगर में कैंट विधानसभा प्रभारी देवेश कुमार गौतम के आवास पर पार्टी की संगठनात्मक बैठक चल रही थी। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर श्रेया यादव की आईडी से किया गया एक कमेंट देखा, जिसमें बसपा प्रमुख के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था।
कार्यकर्ताओं में नाराजगी, जांच शुरू
बसपा पदाधिकारियों का आरोप है कि टिप्पणी में बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक वरिष्ठ राजनेता के प्रति ऐसी भाषा का उपयोग अस्वीकार्य है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
