स्वराज एक्सप्रेस में बम की सूचना से मचा हड़कंप, अंबाला स्टेशन पर गहन जांच के बाद ट्रेन रवाना
अंबाला। दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्वराज एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। रेल मदद पोर्टल के माध्यम से मिली इस सूचना के बाद पानीपत और अंबाला रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बलों ने सघन जांच अभियान चलाया। हालांकि, जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12471 के जनरल कोच में बम होने की सूचना दिल्ली स्थित सुरक्षा कंट्रोल को दी गई थी। जैसे ही ट्रेन अंबाला स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची, आरपीएफ निरीक्षक रविंद्र सिंह, जीआरपी एसएचओ हरीश, सीआईबी की टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने इंजन के पास वाले और गार्ड साइड के सभी जनरल कोचों की बारीकी से तलाशी ली।
काफी देर तक चली जांच के बाद जब कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, तब सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर ऐसी सूचनाओं पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाती है। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए क्लियरेंस दिया गया।
