बीएमसी में पहली बार बनेगा भाजपा का मेयर, रीतू तावड़े के नाम पर मुहर और संजय घाड़ी होंगे डिप्टी मेयर

मुंबई। मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। मेयर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी वरिष्ठ पार्षद रीतू तावड़े के नाम का चयन किया है, जबकि डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना (शिंदे गुट) की ओर से संजय घाड़ी नामांकन भरेंगे। संजय घाड़ी का कार्यकाल सवा वर्ष के लिए रहेगा।

बीएमसी के इतिहास में यह पहली बार होगा जब भाजपा का मेयर चुना जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर को देखते हुए बीएमसी स्थित भाजपा कार्यालय में विशेष तैयारियां की गई हैं। नामांकन से पूर्व कार्यालय में 10 पंडितों द्वारा वेद मंत्रों का उच्चारण और शंखनाद किया गया। रीतू तावड़े जल्द ही अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

कौन हैं रीतू तावड़े

घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गईं रीतू तावड़े भाजपा की एक अनुभवी नेता हैं। वह पूर्व में बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं और वर्तमान में महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। 2012 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली रीतू तावड़े ने गुजराती बहुल वार्डों में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। वह 2012, 2017 और अब 2026 के चुनाव में वार्ड नंबर 132 से जीतकर सदन पहुंची हैं।

बीएमसी का चुनावी समीकरण

15 जनवरी 2026 को हुए बीएमसी चुनाव में भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के गठबंधन (महायुति) को स्पष्ट बहुमत मिला है। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटों की आवश्यकता है, जबकि गठबंधन के पास 118 से अधिक सीटें हैं। इसमें भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, वहीं शिवसेना शिंदे गुट को 29 सीटें मिली हैं।

बीएमसी में पिछले चार वर्षों से प्रशासक का शासन था। 2017 के बाद अब जाकर मेयर का चुनाव हो रहा है। इस बार मेयर पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है, जिसके लिए पार्टी ने रीतू तावड़े के अनुभव पर भरोसा जताया है।

About The Author