राहुल गांधी के भाषण पर लोकसभा में हंगामा, आठ सांसद निलंबित, सदन की कार्यवाही स्थगित

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के भाषण को लेकर मंगलवार को सदन में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। शोर-शराबे के बीच कुछ सांसदों ने आसन की ओर कागज के टुकड़े उछाल दिए, जिसके बाद स्पीकर को लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

राहुल गांधी पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब से जुड़े संदर्भ का उल्लेख कर रहे थे। इसी दौरान स्पीकर ने उन्हें बोलने से रोका और अन्य सांसदों को अवसर दिया। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।

कागज फेंकने की घटना को गंभीरता से लेते हुए स्पीकर ने चमाला किरण रेड्डी, वेंकटरमन, गुरजीत औजला, मणिकम टैगोर, राजा वडिंग, हिबी ईडन, प्रशांत पडोले और डीन कुरियाकोस को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद भी कुछ सांसदों ने फिर से आसन की ओर कागज के टुकड़े उछाले।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक मैगजीन लेख के जरिए पूर्व सेना प्रमुख की अप्रकाशित किताब का हवाला दे रहे थे, जो उचित नहीं है।

इस दौरान आसन पर बैठे कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने राहुल गांधी को बोलने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन जब उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय उठाने की कोशिश की तो रिजिजू ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सदन उस विषय को छोड़कर आगे बढ़े।

About The Author