तस्करी की काली कमाई खंगाल रही ईडी: सुबह 6 बजे से नौ ठिकानों पर तलाशी, कई दस्तावेज जब्त

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह 3 फरवरी 2026 को एक बार फिर व्यापक कार्रवाई की। ईडी की टीमें कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और बर्द्धमान सहित कुल नौ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी का मुख्य उद्देश्य कोयला तस्करी से अर्जित काले धन के लेनदेन के तरीकों का पता लगाना है। एजेंसी को आशंका है कि इस बड़ी रकम को हवाला के जरिए खपाया गया है। इसी वित्तीय नेटवर्क को उजागर करने के लिए ईडी डिजिटल साक्ष्य और अहम दस्तावेज खंगाल रही है।

दुर्गापुर में सेपको टाउनशिप स्थित बालू कारोबारियों के आवास पर सुबह करीब छह बजे से तलाशी जारी है। सिटी सेंटर क्षेत्र के आंबेडकर सरणी स्थित एक संदिग्ध घर के अलावा पांडवेश्वर और कांकसा में एनएच-19 के पास मौजूद ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।

जांच में सामने आया है कि संबंधित कारोबारी अजय और दामोदर नदी से बालू खनन से जुड़े हैं। आरोप है कि वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया और एक ही चालान का बार-बार उपयोग किया गया। बीरभूम जिले के चालान दिखाकर पश्चिम बर्द्धमान से बालू की तस्करी किए जाने की भी जानकारी मिली है।

ईडी का कहना है कि इन अवैध गतिविधियों से कारोबारियों ने कम समय में भारी संपत्ति बनाई है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और कई अहम दस्तावेज जब्त किए जाने की सूचना है।

About The Author