भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता, ट्रंप ने टैरिफ घटाकर 18 फीसदी किया

वाशिंगटन। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के लिए आयात शुल्क यानी टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सबसे अच्छा दोस्त और एक शक्तिशाली नेता बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच फोन पर हुई चर्चा के बाद यह समझौता हुआ है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज सुबह प्रधानमंत्री मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात थी। इस दौरान व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत अब रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद करेगा और इसके बजाय अमेरिका व वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदेगा। उनका मानना है कि इस कदम से यूक्रेन युद्ध को रोकने में सहायता मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण बातचीत के साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भारत से जुड़ी दो खास तस्वीरें भी साझा कीं। इसमें एक तस्वीर इंडिया गेट की है, जबकि दूसरी फोटो में वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक मैगजीन के कवर पर नजर आ रहे हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े बदलाव देखे जा रहे हैं। ट्रंप ने विश्वास जताया कि इस समझौते से दोनों देशों के संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि टैरिफ में इस कटौती से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, ऊर्जा क्षेत्र में भारत की नई रणनीति वैश्विक समीकरणों को भी प्रभावित कर सकती है। फिलहाल भारत सरकार की ओर से इस ट्रेड डील की बारीकियों पर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

About The Author