ईरान के कई शहर भीषण धमाकों से दहले, परमाणु केंद्रों वाले इलाकों सहित बंदर अब्बास में भारी नुकसान

तेहरान। ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास सहित देश के छह प्रमुख शहरों में एक के बाद एक हुए भीषण धमाकों से हड़कंप मच गया है। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, बंदर अब्बास में एक बहुमंजिला इमारत में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के गेस्ट हाउस को निशाना बनाए जाने की खबर है। शुरुआती जानकारी के अनुसार इन धमाकों में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।

धमाकों की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ईरान के उन तीन शहरों में भी विस्फोट हुए हैं जहां परमाणु संयंत्र स्थित हैं। इनमें इश्फहान, नतांज और सावे जैसे संवेदनशील इलाके शामिल हैं। इनके अलावा परांद, तवरीज, अहवाज और पाकदश्त शहरों से भी भीषण धमाकों और रिहाइशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें आई हैं। सबसे अधिक क्षति बंदर अब्बास पोर्ट को पहुंचने की बात कही जा रही है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां काफी तेज हैं, जिससे इन धमाकों के पीछे विदेशी हस्तक्षेप की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, इजराइल ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई में उसकी या अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है। फिलहाल धमाकों के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है और ईरानी सुरक्षा एजेंसियां मलबे की जांच में जुटी हैं।

इन धमाकों के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ इसे ईरान की सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी चूक के रूप में देख रहे हैं, विशेषकर परमाणु केंद्रों वाले शहरों को निशाना बनाए जाने से चिंताएं और बढ़ गई हैं।

About The Author