अरिजीत सिंह ने किया चौंकाने वाला ऐलान, अब फिल्मों में गाना नहीं गाएंगे
मुंबई। भारतीय संगीत जगत के मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने नए साल के पहले ही महीने में एक ऐसा फैसला लिया है जिससे उनके करोड़ों प्रशंसक मायूस हो गए हैं। अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि वह अब बतौर प्लेबैक सिंगर नए प्रोजेक्ट्स स्वीकार नहीं करेंगे।
इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अरिजीत सिंह ने अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि वह इतने वर्षों तक श्रोताओं से मिले प्यार के लिए सभी को धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक प्लेबैक वोकलिस्ट के रूप में वह अब कोई नया काम नहीं लेंगे और अपने इस सफर को यहीं विराम दे रहे हैं। अरिजीत ने इस यात्रा को अपने जीवन का एक बेहद खूबसूरत अनुभव बताया।
अरिजीत सिंह के करियर की शुरुआत एक रियलिटी शो से हुई थी और देखते ही देखते वह बॉलीवुड के सबसे सफल गायकों में शुमार हो गए। उनकी आवाज न केवल रोमांटिक गानों की पहचान बनी, बल्कि उन्होंने सूफी, दर्द भरे नगमे और देशभक्ति गीतों में भी अपनी खास छाप छोड़ी है। इस घोषणा के बाद संगीत जगत और उनके प्रशंसकों के बीच उनके भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
