धान खरीदी पर सियासत गरमाया, दीपक बैज का बयान- 14 मंत्री को बताया मुसवा..
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इसी मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में 14 मंत्री ऐसे हैं, जिन्होंने धान को खाया है और वर्ष 2028 में इन सभी को जनता के सामने बेनकाब किया जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि धान के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन का नुकसान करने वालों को समाप्त करना कांग्रेस का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और गली-गली जाकर इन लोगों के कामकाज की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे और प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
इसी बीच मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस ने आज चंदखुरी से विधानसभा चौक तक पदयात्रा की शुरुआत की। इस पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री शिव डहरिया सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। माता कौशल्या के दर्शन के बाद पदयात्रा शुरू की गई, जिसका समापन पुराने विधानसभा चौक पर होगा।
