रायपुर में 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, सीएम विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कोटा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में 23 दिसंबर को 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और देशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी, जिसमें 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए लगभग 500 प्रतिभाशाली तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रदेश को राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स जैसे बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया अभियान के माध्यम से देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं।
सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी खेलो इंडिया के नए खेल परिसरों की शुरुआत की गई है, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान कर रही है।
उन्होंने ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए सरकार की प्रोत्साहन नीति की जानकारी देते हुए कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले छत्तीसगढ़ के एथलीट को 21 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं, ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मोरारका, महासचिव आयुष मोरारका, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी, कोच, मैनेजर, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
