छत्तीसगढ़: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन, जिलों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम
रायपुर। सड़क सुरक्षा की गंभीरता, चुनौतियों तथा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन 1 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में सड़क सुरक्षा संबंधी व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा माह के तहत जिलों में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र जांच शिविर, स्कूल डे आयोजन, स्कूली बच्चों के लिए स्लोगन, निबंध, चित्रकला तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं, ई-रिक्शा, ऑटो एवं बस चालकों का प्रशिक्षण, एम्बुलेंस ड्राइविंग ट्रेनिंग, वाहनों की फिटनेस एवं रेडियम स्ट्रिप्स की जांच/संधारण, शराब सेवन कर वाहन चलाने के नुकसान पर रैली, ग्राम चौपालों में जनजागरूकता कार्यक्रम, गंभीर सड़क दुर्घटना स्थलों का चिन्हांकन तथा सड़क सुरक्षा मितानों का प्रशिक्षण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।
इसके अलावा युवाओं के लिए एरोबिक्स-जुंबा के माध्यम से ‘स्वस्थ शरीर – स्वस्थ मन, सुरक्षित जन’ थीम पर कार्यक्रम, हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहन के रूप में टॉफी वितरण तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अन्य विविध गतिविधियां भी शामिल हैं।
1 जनवरी 2026 को रायपुर के सर्किट हाउस के समीप शाम 5 बजे सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे की उपस्थिति में जनजागरूकता के लिए हेलमेट एवं बाइक रैली का आयोजन होगा। यह रैली सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट उपयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश देगी।
इसी क्रम में भिलाई में रविवार को आयोजित मैराथन को सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन के बाद सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसकी दर्शकों ने सराहना की।
