15वें वित्त आयोग की राशि जारी न होने पर पंचायत प्रतिनिधियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी
महासमुंद। 15वें वित्त आयोग की वर्ष 2025–26 की मूलभूत राशि अब तक जारी नहीं होने से जिले के पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्य एकजुट होकर जनपद पंचायत महासमुंद परिसर में एकत्र हुए और रैली निकालते हुए जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधियों ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र राशि आवंटन का प्रस्ताव शासन को भेजने की मांग की।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि 15वें वित्त आयोग की राशि नहीं मिलने के कारण पंचायतों में साफ-सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, मरम्मत कार्य सहित अन्य मूलभूत सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इससे पंचायती राज संस्थाओं की कार्यक्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वच्छता, सजावट, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए पंचायतों के पास कोई राशि उपलब्ध नहीं है। जबकि पूर्व वर्षों में 15वें वित्त आयोग की राशि 15 अगस्त या उससे पहले जारी कर दी जाती थी।
पंचायत प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही राशि आवंटन का प्रस्ताव शासन को नहीं भेजा गया तो वे मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।
