रायपुर: शास्त्री बाजार में गंदगी फैलाने पर मोती महल होटल को 10 हजार रुपये का जुर्माना

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जोन 4 के अंतर्गत शास्त्री बाजार मुख्य मार्ग में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मोती महल होटल के आउटलेट में गंदगी, कचरा डालना और खाद्य सामग्री नाली में फेंकने की शिकायत सही पाई गई।

स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्राही के मार्गदर्शन में टीम ने होटल संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही होटल के आउटलेट में मिनी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण शीघ्र कराने के लिए पुनः नोटिस जारी किया गया। नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

यह कार्रवाई नगर निगम मुख्यालय और जोन 4 स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। निगम का कहना है कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेंगी।

About The Author