तीन दिन ठप रहेंगे शासकीय कार्यालय, कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी धरना 29 से 31 दिसंबर तक

कोंडागांव। प्रदेशभर के शासकीय कर्मचारी अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर 29 से 31 दिसंबर तक प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। इस दौरान तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। कोंडागांव में यह धरना चौपाटी मैदान में आयोजित होगा।

जिला संयोजक शिवराज ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उनका आरोप है कि मोदी की गारंटी केवल चुनावी नारा बनकर रह गई है। फेडरेशन की ओर से पहले भी दो चरणों में ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। 16 जुलाई और 22 अगस्त को कलेक्टर के माध्यम से शासन को कर्मचारियों की मांगें भेजी गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे कर्मचारियों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

फेडरेशन के अनुसार कोंडागांव जिले के 33 संगठन इस आंदोलन में शामिल होंगे। धरना अवधि के दौरान सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ स्कूल और अस्पताल भी बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।

नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील कर दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

About The Author