सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज, इंदौर-उज्जैन के बीच चलेगी वंदे भारत मेट्रो

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो चलाने की योजना पर काम किया जा रहा है। यह ट्रेन मौजूदा रेलवे ट्रैक पर ही संचालित होगी, जिसके लिए अलग से नया ट्रैक बिछाने की आवश्यकता नहीं होगी।

वंदे भारत मेट्रो इंदौर से उज्जैन के बीच 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इसे शटल सेवा के रूप में संचालित किया जाएगा। रेलवे पहले ही इस मार्ग पर 180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रैक का सफल ट्रायल कर चुका है।

इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि आगामी सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। इंदौर, उज्जैन और आसपास के स्टेशनों से 300 से अधिक ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। इसी योजना के तहत इंदौर-उज्जैन रूट पर वंदे भारत मेट्रो शटल सेवा के रूप में चलाई जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमतौर पर मेट्रो सेवाओं के लिए अलग ट्रैक की आवश्यकता होती है, लेकिन वंदे भारत मेट्रो मौजूदा रेलवे ट्रैक पर ही संचालित होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

इंदौर से उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो का सफर करीब 40 से 45 मिनट में पूरा होगा। यह ट्रेन एसी और नॉन-एसी कोच सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। इंदौर-उज्जैन रूट पर प्रस्तावित इस वंदे भारत मेट्रो को ‘नमो भारत ट्रेन’ के नाम से भी जाना जाएगा।

About The Author