धमतरी : उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में फंदे से तेंदुए की जान बचाई

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य के तौरेंगा बफर क्षेत्र में ग्राम कौकोड़ी के जंगल में शिकारियों के फंदे में फंसे एक तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक बचाया।

तेंदुआ झाड़ियों में होने की सूचना गुरुवार दोपहर मिलने पर वन उपनिदेशक वरुण जैन ने तत्काल टीम रवाना की। एसडीओ गोपाल कश्यप ने जान जोखिम में डालकर रस्सी के जाल से तेंदुए को पकड़ा। जांच में पता चला कि तेंदुए के गले में करीब सात दिनों से दो क्लच वायर का फंदा फंसा था, जिससे आबादी क्षेत्र में हमले का खतरा बढ़ गया था।

जंगल सफारी के डॉक्टर जय किशोर जडिया की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए का इलाज किया तथा उसकी जान बचाई। उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि अवैध शिकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी है तथा सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना लागू की गई है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले मगरलोड क्षेत्र में एक तेंदुए का शिकार किया गया था, जिसमें आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

About The Author