बांग्लादेश के राजबाड़ी में जबरन वसूली के आरोप में हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या
नई दिल्ली। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के पांगशा इलाके में जबरन वसूली के आरोप में एक हिंदू युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमृत मंडल उर्फ सम्राट के रूप में हुई है, जो होसेनडांगा गांव का निवासी था। यह घटना मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्या के मात्र सात दिन बाद हुई है।
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 11 बजे कालीमोहोर यूनियन के होसेनडांगा गांव में घटी। सम्राट और उसके साथी गांव के निवासी शाहिदुल इस्लाम से वसूली की रकम मांगने उनके घर पहुंचे थे। घरवालों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग एकत्र हो गए और सम्राट की पिटाई शुरू कर दी। उसके अन्य साथी मौके से भाग निकले।
पुलिस ने सम्राट के एक साथी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दो हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सम्राट पर आपराधिक गिरोह बनाकर लंबे समय से जबरन वसूली और अन्य अपराधों में संलिप्तता का आरोप था। वह भारत में लंबे समय तक छिपा रहने के बाद हाल ही में बांग्लादेश लौटा था। घटना के बाद गांव में अशांति का माहौल है।
