लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मीडिएटर मयंक सिंह को झारखंड से रायपुर लाया गया
रायपुर: कुख्यात गैंगस्टर तथा लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मीडिएटर मयंक सिंह को झारखंड पुलिस की टीम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रायपुर लाई है। रायपुर कोर्ट द्वारा जारी प्रोडक्शन वारंट पर उसे ट्रांजिट रिमांड में लाया गया। पुलिस उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग कर सकती है। मयंक सिंह अमन साव गैंग का करीबी सदस्य है तथा उसके लॉरेंस बिश्नोई से भी संबंध हैं। वह झारखंड की जेल में बंद था। इंटरपोल की मदद से उसे अजरबैजान से गिरफ्तार किया गया था।
जुलाई 2024 में तेलीबांधा स्थित कोयला व्यापारी के कार्यालय पर दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा गोलीबारी की गई थी। इस घटना का मुख्य आरोपी मयंक सिंह है तथा तेलीबांधा थाने में एफआईआर दर्ज है। जांच में पता चला कि मयंक सोशल मीडिया पर व्यापारी को लगातार धमकियां दे रहा था तथा मांगें नहीं मानने पर गोली चलवाने की चेतावनी दी थी। मई 2024 में रायपुर पुलिस ने हरियाणा एवं झारखंड से आए शूटर्स को हथियारों सहित गिरफ्तार किया था। दो महीने बाद जुलाई में गैंग सदस्यों ने कार्यालय पर फायरिंग की, जिसमें हवा में तथा कार पर गोली चलाई गई। पुलिस ने कई गुर्गों को गिरफ्तार किया था।
