शालीमार–कुर्ला एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, मुंबई पुलिस की सूचना पर कार्रवाई

रायपुर/दुर्ग। मुंबई पुलिस से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर दुर्ग जीआरपी को बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार को शालीमार–कुर्ला एक्सप्रेस के एस-1 कोच से एक बांग्लादेशी नागरिक को बिना वैध दस्तावेजों के गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजमीर शेख के रूप में हुई है, जो मुंबई में दर्ज एक मामले का फरार आरोपी बताया गया है और कोलकाता रास्ते बांग्लादेश भागने की कोशिश में था।

7 नवंबर को सूचना मिलने पर दुर्ग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर जीआरपी की टीम तैनात की गई। ट्रेन के पहुंचते ही एस-1 कोच में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के अनुसार आरोपी ने जनरल टिकट लिया था, लेकिन टीटी से सैटिंग कर स्लीपर कोच में यात्रा कर रहा था। उसके पास पासपोर्ट, वीजा या कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला।

मुंबई पुलिस की टीम फ्लाइट से रायपुर पहुंच चुकी है और सड़क मार्ग से दुर्ग आ रही है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा। पुलिस को आशंका है कि उसका नेटवर्क भारत में सक्रिय हो सकता है, जिसे ध्यान में रखते हुए खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय कर विस्तृत जांच शुरू की गई है।

About The Author