छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों के डंप से हथियारों का जखीरा बरामद, 229 कारतूस और IED मिले; 13 लाख के दो इनामी माओवादियों ने किया सरेंडर

सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले में संयुक्त सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए डंप का खुलासा करते हुए 8 देसी हथियार, 229 जिंदा कारतूस, टिफिन IED और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। वहीं दूसरी ओर बीजापुर पुलिस के सामने ओडिशा में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सुकमा में नक्सलियों के डंप से हथियारों का जखीरा बरामद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ डंप मिला। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था।

सुकमा के एएसपी मनीष कंवर ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली उपयोग की सामग्री मिली।

AK-47 समेत कई हथियारों के कारतूस बरामद

बरामद सामग्री में 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा अलग-अलग हथियारों के कुल 229 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिनमें:

  • AK-47 के 98 कारतूस
  • SLR के 49 कारतूस
  • INSAS के 35 कारतूस
  • .303 राइफल के 30 कारतूस
  • 9 MM के 13 कारतूस
  • 12 बोर के 4 कारतूस

इसके साथ ही 1 टिफिन IED, 3 हैंड ग्रेनेड, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, BGL सेल, तीर बम, मैगजीन, वायरलेस सेट, कोडेक्स वायर, गन पाउडर, बैटरियां, नक्सली वर्दी, साहित्य और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

बीजापुर पुलिस के सामने दो माओवादियों ने किया सरेंडर

इधर, बीजापुर पुलिस के सामने ओडिशा में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32 वर्ष) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, नागमणि पर 8 लाख रुपये और गंगा सोढ़ी पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम था। नागमणि ओडिशा के बटालियन नंबर 08 में CyPCM के पद पर सक्रिय थी, जबकि गंगा सोढ़ी कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के रूप में काम कर रहा था।

कई माओवादी घटनाओं में शामिल रहे दोनों कैडर

बीजापुर के एसपी उमेश गुप्ता के अनुसार, दोनों माओवादी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में कई माओवादी घटनाओं और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर दोनों ने संगठन छोड़ने का फैसला लिया।

आत्मसमर्पित माओवादियों को मिलेगी पुनर्वास की सुविधा

पुलिस ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले दोनों कैडरों को शासन की नीति के तहत आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा और रोजगार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

एक ओर सुकमा में नक्सलियों के छिपाए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर दो इनामी माओवादियों का आत्मसमर्पण बस्तर क्षेत्र में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

About The Author