CG News: दिवंगत विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा अहिवारा शासकीय महाविद्यालय, CM साय ने की घोषणा
भिलाई-3। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अहिवारा के दिवंगत विधायक स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर करने की घोषणा की।
समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान में रहा अहम योगदान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सरल, सहज, मृदुभाषी और मिलनसार जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अनुसूचित जाति समाज के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और क्षेत्र की प्रगति में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना हमेशा स्मरणीय रहेगी।
‘गुरुजी’ के नाम से लोगों के बीच थी विशेष पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा को लोग आत्मीयता से ‘गुरुजी’ कहकर संबोधित करते थे। यह संबोधन उनके प्रति समाज के गहरे सम्मान और विश्वास को दर्शाता था। अपने व्यवहार और कार्यों से उन्होंने लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था। उनकी जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने साझा किए आत्मीय प्रसंग
श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा से जुड़े कुछ आत्मीय प्रसंग भी साझा किए। उन्होंने बताया कि जब कोर्सेवाड़ा उपचार के लिए हैदराबाद में भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को भी हैदराबाद जाकर उनका हालचाल जानने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उनका निधन सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
अहिवारा कॉलेज को मिलेगा स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का नाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा ने जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी। उनकी स्मृतियों और जनसेवा की विरासत को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से अहिवारा के शासकीय महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
इस घोषणा को मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक के प्रति प्रदेश सरकार और क्षेत्र की जनता की ओर से सम्मानपूर्ण श्रद्धांजलि बताया।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और जगदलपुर विधायक किरण देव ने भी स्वर्गीय डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के व्यक्तित्व और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत विधायक के योगदान को नमन किया।
