नागपुर रेल मंडल में विकास कार्य के चलते 9 मेमू ट्रेनें रद्द, यात्री होंगे परेशान

बिलासपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बोरतलाव-दरेकसा खंड में अधोसंरचना विकास कार्यों के चलते रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा समपार फाटक क्रमांक 481 पर बॉक्स पुशिंग और गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इस तकनीकी कार्य के निष्पादन के लिए रेलवे ने ट्रैफिक ब्लॉक लिया है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 9 पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्य 13 और 14 फरवरी के साथ-साथ अगले माह 13 और 14 मार्च 2026 को भी किया जाएगा। इस दौरान अप, डाउन और तीसरी लाइन पर गर्डर लॉन्चिंग एवं डी-लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा, जिससे यात्री गाड़ियों का परिचालन बाधित रहेगा।

रद्द रहने वाली ट्रेनों की सूची
इस ब्लॉक के कारण गाड़ी संख्या 68721 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू और गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू 13 व 14 फरवरी और 13 व 14 मार्च को रद्द रहेंगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 68724 गोंदिया-रायपुर मेमू 14 व 15 फरवरी और 14 व 15 मार्च को नहीं चलेगी। अन्य रद्द होने वाली गाड़ियों में दुर्ग-गोंदिया मेमू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-गोंदिया मेमू, डोंगरगढ़-गोंदिया मेमू और बालाघाट-इतवारी मेमू शामिल हैं। ये सभी गाड़ियां निर्धारित तिथियों पर अपने प्रारंभिक स्टेशनों से निरस्त रहेंगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि नागपुर मंडल में ट्रैक के दोहरीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए यह कार्य आवश्यक है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेल प्रशासन ने खेद प्रकट किया है और यात्रियों को सलाह दी है कि वे रेलवे के अधिकृत पूछताछ केंद्रों या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम के माध्यम से अपनी यात्रा की योजना बनाएं।

About The Author