राजनांदगांव में 517 क्विंटल अवैध धान जब्त, अब तक 144 मामलों में 5.46 करोड़ का धान कार्रवाई में पकड़ा गया

राजनांदगांव। जिले में अवैध धान बिक्री पर रोक लगाने खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में धान उपार्जन केंद्र घुमका का निरीक्षण किया गया। ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार केंद्र में 357 किसानों से 21,166 क्विंटल (52,915 बोरा) धान खरीदी दर्ज थी।

निरीक्षण के दौरान उपार्जन केंद्र परिसर में मौजूद बोरों की पुनर्गणना की गई, जिसमें 517.60 क्विंटल (1,294 बोरा) धान अतिरिक्त पाया गया। यह धान अवैध बिक्री के उद्देश्य से भंडारित किया गया था, जिसे टीम ने मौके पर जब्त कर लिया। मामले में एक व्यापारी की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद विधिक और दंडात्मक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

जिले में अवैध धान परिवहन और बिक्री के खिलाफ अब तक कुल 144 मामलों में 5.46 करोड़ से अधिक मूल्य का 17,621.86 क्विंटल धान और 8 वाहन राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जब्त किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त संयुक्त दल ने हाल ही में 6 नए मामलों में 20.13 लाख मूल्य का 649.60 क्विंटल (1,624 बोरा) धान जब्त किया है। इनमें राजनांदगांव अनुविभाग में 2 मामलों से 17.53 लाख का 565 क्विंटल, डोंगरगढ़ अनुविभाग में 3 मामलों से 2.29 लाख का 74 क्विंटल और डोंगरगांव अनुविभाग में 1 मामले से 31 हजार मूल्य का 10 क्विंटल धान बरामद किया गया।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान अब तक राजनांदगांव अनुविभाग में 59 मामलों में 3.19 करोड़ मूल्य का 10,294.80 क्विंटल धान और 2 वाहन तथा डोंगरगढ़ अनुविभाग में 42 मामलों में 1.08 करोड़ मूल्य का 3,513.26 क्विंटल धान व 2 वाहन जब्त किए गए हैं।

About The Author