45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का रायपुर में शुभारंभ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के कोटा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह सौभाग्य है कि प्रदेश को राष्ट्रीय ट्राइबल गेम्स के आयोजन का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया के माध्यम से देश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में खेलों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है और छत्तीसगढ़ में खेलों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में खेलो इंडिया के नए परिसरों की शुरुआत की गई है, जिससे खिलाड़ियों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। राज्य में खेल अलंकरण समारोह के माध्यम से खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाता है। उन्होंने बताया कि सरकार ओलंपिक में भाग लेने वाले एथलीट को 21 लाख रुपये देगी। वहीं, प्रदेश का कोई खिलाड़ी ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतता है तो उसे 3 करोड़ रुपये, रजत पदक पर 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक जीतने पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 45वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन और छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 22 से 30 दिसंबर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मोरारका, महासचिव आयुष मोरारका, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल सहित विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
