खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में 32 राज्यों के 3000 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयोजित हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी सात खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 3000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

आयोजन के तहत पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं राजधानी रायपुर सहित जगदलपुर और अंबिकापुर में आयोजित होंगी। रायपुर में पांच खेल, जबकि बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर और सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में एक-एक खेल आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 164 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

आयोजन के लिए तीनों शहरों में खेल स्थलों और मैदानों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैदान और स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिताएं होंगी। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी, अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में तैराकी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ओपन मैदान में तीरंदाजी तथा विश्वविद्यालय के ओपन ग्राउंड में वेटलिफ्टिंग की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में कुश्ती प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

इसके अलावा पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कबड्डी और मलखंब को डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है। कबड्डी की प्रतियोगिताएं रायपुर के सरदार बलबीर सिंह इंडोर स्टेडियम में और मलखंब का प्रदर्शन अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में होगा।

About The Author