प्रदेश में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के 232 पद रिक्त, भर्ती प्रक्रिया जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के वर्तमान सत्र के दौरान प्रदेश में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारियों के रिक्त पदों और उन पर भर्ती की स्थिति का मामला सदन में गूंजा। विधायक बालेश्वर साहू द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि प्रदेश में इस पद के कुल 232 पद वर्तमान में रिक्त हैं।

विधायक ने अपने प्रश्न के माध्यम से रिक्त पदों की संख्या, भर्ती रुकने के कारण और पिछले चार वर्षों में वित्त विभाग को भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी मांगी थी। उन्होंने यह भी पूछा था कि इन पदों पर भर्ती की कार्यवाही कब तक पूर्ण कर ली जाएगी।

मंत्री रामविचार नेताम ने लिखित जवाब में जानकारी दी कि विभाग में ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के कुल 633 पद स्वीकृत हैं। वर्ष 2019 के बाद से वित्तीय अनुशासन और मितव्ययिता संबंधी निर्देशों के कारण सीधी भर्ती के लिए वित्त विभाग की अनुमति अनिवार्य थी, जिसकी वजह से भर्ती रुकी हुई थी। विभाग द्वारा इन पदों को भरने के लिए सितंबर 2023 से लेकर नवंबर 2025 तक विभिन्न तिथियों पर सात बार प्रस्ताव भेजे गए थे।

शासन ने स्पष्ट किया है कि लंबी प्रक्रिया के बाद 12 दिसंबर 2025 को वित्त विभाग से भर्ती की अनुमति प्राप्त हो गई है। वर्तमान में भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने की कोई निश्चित समय सीमा फिलहाल तय नहीं की गई है।

About The Author