बीजापुर मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, तीन DRG जवान शहीद; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 12 नक्सली मारे गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
शहीद जवानों में बीजापुर DRG के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा उनके परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि संयुक्त सर्च एवं कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मारे गए सभी 12 नक्सलियों के शव तथा उनके हथियार बरामद कर लिए गए हैं। क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
मुठभेड़ में घायल दो अन्य जवानों के खतरे से बाहर होने की जानकारी देते हुए श्री साय ने कहा कि उनका समुचित उपचार सुनिश्चित किया गया है और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के खिलाफ यह निर्णायक सफलता स्पष्ट संकेत देती है कि लाल आतंक का अंत अब बहुत निकट है। राज्य सरकार और सुरक्षा बल माओवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प पर अडिग हैं।
उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि जब तक बस्तर के अंतिम गांव तक शांति, सुरक्षा और विकास का प्रकाश नहीं पहुंच जाता, तब तक यह अभियान पूर्ण दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। सरकार हर कदम पर अपने जवानों के साथ खड़ी है।
