कर्नाटक के सत्य साई ग्राम पहुंचे CM विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण मॉडल का किया अध्ययन
रायपुर/कर्नाटक: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित समग्र सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और मूल्य आधारित शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज है।
सत्य साई संजीवनी अस्पताल के कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने सत्य साई संजीवनी अस्पताल, रायपुर द्वारा पूर्णतः निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी) के माध्यम से हजारों बच्चों को नया जीवन देने की पहल की सराहना की। उन्होंने इसे मानवता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अस्पताल के विस्तार तथा मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना की संभावनाओं पर चर्चा की।
मूल्य आधारित शिक्षा पर दिया जोर
मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय मूल्य आधारित शिक्षा सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल हुए। इस सम्मेलन में 25 देशों के 100 से अधिक शिक्षक और शिक्षाविद शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिकता, सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का भी आधार है।
पोषण मॉडल का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट द्वारा संचालित साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां तैयार किए जा रहे साईश्योर मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स के माध्यम से देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में लगभग एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ऐसे नवाचारों को अपनाकर बच्चों के पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
300 युवाओं को मिला नर्सिंग प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संस्थान में छत्तीसगढ़ के लगभग 300 युवाओं को नर्सिंग शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ सेवा भावना से प्रेरित दक्ष स्वास्थ्य मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे सभी प्रयासों का स्वागत करती है, जो सेवा, संवेदना और सुशासन के माध्यम से समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
