सिंधी संस्कृति के संरक्षण को मिलेगा नया आयाम, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से मिलीं अकादमी अध्यक्ष सुषमा जेठानी
रायपुर, 14 जून 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से शनिवार को रायपुर स्थित उनके शासकीय निवास पर छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी की नवनियुक्त अध्यक्ष सुषमा जेठानी ने सौजन्य मुलाकात की।
इस दौरान सिंधी समाज की सांस्कृतिक धरोहर, भाषा, साहित्य, लोककला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही समाज के सर्वांगीण विकास में सिंधी अकादमी की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सिंधी समाज ने विकास में निभाई अहम भूमिका
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सिंधी समाज ने अपनी मेहनत, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक मूल्यों के बल पर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुषमा जेठानी के नेतृत्व में सिंधी अकादमी समाज की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेगी तथा विभिन्न रचनात्मक और जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
युवाओं को संस्कृति से जोड़ने पर विशेष जोर
बैठक के दौरान सिंधी समाज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों, साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के विषय पर विशेष चर्चा हुई। अकादमी के माध्यम से सांस्कृतिक आयोजनों और साहित्यिक कार्यक्रमों को और व्यापक स्वरूप देने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
सुषमा जेठानी को दी शुभकामनाएं
मंत्री राजेश अग्रवाल ने सुषमा जेठानी को अकादमी अध्यक्ष का दायित्व संभालने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में अकादमी नई उपलब्धियां हासिल करेगी और प्रदेश में सिंधी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उल्लेखनीय कार्य करेगी।
