CG News: 2 नवंबर को नवा रायपुर में दिखेगा सारंग हेलीकॉप्टर टीम का रोमांचक एयर शो, आसमान में करतब दिखाएंगे 5 हेलीकॉप्टर

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का रोमांचक हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र में सुबह 11 बजे से भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें पांच हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत सामंजस्य, सटीक उड़ान और साहसिक करतबों का प्रदर्शन करेंगे।

इस आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वप्रसिद्ध सारंग टीम का राज्योत्सव में शामिल होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। यह प्रदर्शन प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सारंग टीम ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने टीम का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत करते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव में उनकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गर्व की बात बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना अपने अदम्य साहस, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता के लिए विश्वभर में सम्मानित है। सारंग टीम का हवाई प्रदर्शन इन गौरवशाली परंपराओं का जीवंत परिचय कराएगा।

पांच हेलीकॉप्टरों के करतब बढ़ाएंगे रोमांच

2 नवंबर को होने वाले एयर शो में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में एक साथ उड़ान भरते हुए विभिन्न संरचनाओं और सटीक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगे। हेलीकॉप्टरों का संतुलित संचालन, निर्धारित दूरी बनाए रखते हुए उड़ान और एक साथ बदलती संरचनाएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

‘उत्कृष्टता से प्रेरणा’ के आदर्श वाक्य के साथ सारंग टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं का प्रतिनिधित्व करती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग टीम के पायलट जिस साहस, सटीकता और आपसी समन्वय के साथ हवाई करतब प्रस्तुत करते हैं, वह उनके कठोर प्रशिक्षण, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचायक है। यह प्रदर्शन युवाओं को बड़े सपने देखने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से दिखेगी भारत की तकनीकी क्षमता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा और विमानन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के माध्यम से सारंग टीम का प्रदर्शन भारत की तकनीकी क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी प्रदर्शित करेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन युवाओं में भारतीय वायु सेना और अन्य सशस्त्र बलों में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने की भावना को मजबूत करेगा।

महिला पायलटों की भागीदारी से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

सारंग टीम में दो महिला पायलटों की सहभागिता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, साहस और क्षमता का परिचय दे रही हैं। रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका साहस और आत्मविश्वास छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और उचित अवसर मिलने पर बेटियां किसी भी ऊंचाई को हासिल कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सारंग टीम की महिला पायलटों का प्रदर्शन प्रदेश की बेटियों को विमानन, विज्ञान, तकनीक और रक्षा सेवाओं जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा राज्योत्सव का एयर शो

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों का शौर्य और पराक्रम प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। सारंग टीम का प्रदर्शन साहस के साथ अनुशासन, तकनीकी दक्षता, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

About The Author