कच्चे घर से पक्के आशियाने तक: पीएम आवास योजना ने बदली विश्वासा बाई की जिंदगी, अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन

कबीरधाम। सिर पर सुरक्षित छत हर परिवार का सपना होता है, लेकिन आर्थिक तंगी कई बार इस सपने को अधूरा छोड़ देती है। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत सेन्हाभाठा निवासी विश्वासा बाई के जीवन में भी वर्षों तक यही संघर्ष रहा। पति के निधन के बाद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण और जर्जर कच्चे मकान में रहना उनकी मजबूरी बन गया था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनकी जिंदगी में ऐसा बदलाव लाया कि आज उनका सपना हकीकत बन चुका है।

बरसात में टपकती छत, हर मौसम में मुश्किलें

विश्वासा बाई का कच्चा घर हर मौसम में परेशानियों का कारण था। गर्मी में तेज तपिश, सर्दियों में ठंडी हवाएं और बरसात में टपकती छत से घर में पानी भर जाता था। बारिश की रातें अक्सर जागकर पानी निकालने में बीतती थीं, वहीं जहरीले जीव-जंतुओं का डर भी हमेशा बना रहता था।

प्रधानमंत्री आवास योजना बनी नई उम्मीद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुसार संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस सर्वे में पात्र पाए जाने के बाद वर्ष 2025-26 में विश्वासा बाई के घर को स्वीकृति मिली। शासन की आर्थिक सहायता और प्रशासन के मार्गदर्शन से उन्होंने अपने पक्के घर का निर्माण पूरा किया।

आज विश्वासा बाई अपने परिवार के साथ सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक जीवन जी रही हैं। अब उन्हें बारिश, आंधी या मौसम की मार की चिंता नहीं सताती।

एक योजना नहीं, कई योजनाओं का मिला लाभ

आवास योजना के साथ-साथ विश्वासा बाई को कई अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ मिला, जिनमें—

  • मनरेगा के तहत निर्माण कार्य में मजदूरी
  • स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय
  • उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन
  • जल जीवन मिशन से नल-जल सुविधा
  • बिजली कनेक्शन
  • राशन कार्ड
  • आयुष्मान कार्ड
  • महतारी वंदन योजना का लाभ

इन सुविधाओं ने उनके जीवन को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बना दिया है।

“मुझे सिर्फ मकान नहीं, नया विश्वास मिला”

विश्वासा बाई भावुक होकर कहती हैं कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका भी अपना पक्का घर होगा। आज अपने नए घर के आंगन में खड़े होकर उन्हें गर्व और संतोष का अनुभव होता है। वे सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं—

“मुझे केवल पक्का मकान नहीं मिला, बल्कि सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मविश्वास से भरा नया जीवन मिला है।”

यह कहानी बताती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर किस तरह उनके जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही हैं।

About The Author