NSS स्थापना दिवस: CM विष्णुदेव साय बोले- युवा शक्ति विकसित भारत और छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार क्षमता और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने NSS के स्थापना दिवस पर सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा किया गया।

युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रहा NSS
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना आज देश के लाखों युवाओं को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला व्यापक अभियान बन चुकी है। NSS से जुड़ने वाला युवा केवल गतिविधियों में हिस्सा नहीं लेता, बल्कि समाज और अपने आसपास की परिस्थितियों को संवेदनशीलता के साथ समझना भी सीखता है।
उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को समझना, जिम्मेदारी लेना, टीम के साथ काम करना और समाधान के लिए स्वयं आगे आना ऐसे संस्कार हैं, जो युवाओं को जीवन के हर क्षेत्र में सक्षम बनाते हैं।
‘सेवा के किसी कार्य को छोटा न समझें’
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सेवा कार्यों को लेकर सकारात्मक सोच रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा के किसी भी कार्य को छोटा नहीं समझना चाहिए। कई बार एक युवा का छोटा-सा प्रयास भी पूरे समाज को प्रेरित कर सकता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि गांव में स्वच्छता के लिए पहल करना, जरूरतमंद व्यक्ति के लिए रक्तदान करना, पौधारोपण कर उसकी देखभाल करना, जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना या किसी व्यक्ति को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना जैसे प्रयास सामाजिक बदलाव की मजबूत नींव बन सकते हैं।
‘मेरा युवा भारत’ से युवाओं को मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अधिक सक्रिय भागीदार बनाने के उद्देश्य से ‘मेरा युवा भारत’ जैसा व्यापक मंच तैयार किया गया है। इसके माध्यम से युवाओं को नेतृत्व, कौशल विकास और अनुभव आधारित सीख के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का उल्लेख करते हुए कहा कि वे स्वयं अपने विद्यार्थी जीवन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे NSS से मिले सेवा और नेतृत्व के संस्कारों के जीवन में लंबे समय तक साथ रहने का उदाहरण बताया।
सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं युवा
मुख्यमंत्री साय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि NSS और सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना एक ही है—सेवा के लिए स्वयं आगे आना और समाज को भी सेवा कार्यों से जोड़ना।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि NSS के युवा स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने महाविद्यालय और विश्वविद्यालय परिसरों के साथ-साथ गांवों, बस्तियों और शहरों में भी लोगों को इन अभियानों से जोड़ने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है और समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत आधारशिला तैयार की जा सकती है।
