छत्तीसगढ़ में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने युवाओं को दिलाई शपथ
रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया 100 सप्ताह के अभियान का शुभारंभ
नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे अहम भूमिका है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे युवाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
100 सप्ताह तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
यह अभियान 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), माय भारत युवा संगठन और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों में शामिल होंगे—
- नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम
- जागरूकता रैलियां
- पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं
- वाद-विवाद और निबंध लेखन
- नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
- लघु फिल्म प्रदर्शन
- सोशल मीडिया अभियान
- सामुदायिक संवाद
युवाओं को सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का उद्देश्य
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में रहे अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
