मोदी सरकार के 12 साल: आम लोगों की क्रय शक्ति तीन गुना बढ़ी, भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था – गिरिराज सिंह

रायपुर। केंद्र में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायपुर में आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। इस दौरान आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण योजनाओं और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा पर चर्चा की गई।

क्रय शक्ति तीन गुना बढ़ी, अर्थव्यवस्था हुई मजबूत

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देशवासियों की क्रय शक्ति तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हुई है और दुनिया में देश की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 32 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। जीएसटी जैसी आर्थिक सुधार योजनाओं के कारण टैक्स कलेक्शन में बड़ी वृद्धि हुई है और भारत की कर व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है।

भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

गिरिराज सिंह ने कहा कि भारत का बजट 16 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। देश वर्तमान में 22 देशों के साथ रुपये में व्यापार कर रहा है और भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है।

उन्होंने यह भी बताया कि देश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) 748 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। वहीं डिजिटल क्रांति के कारण सस्ती इंटरनेट सेवाओं ने करोड़ों लोगों को ऑनलाइन दुनिया से जोड़ा है। भारत अब मोबाइल फोन निर्यात करने वाले देशों में शामिल हो चुका है और स्टार्टअप्स की संख्या 1.75 लाख के पार पहुंच गई है।

नया भारत समृद्ध और सशक्त: मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में “नए भारत” का निर्माण हुआ है, जो आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। देशभर में 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। वहीं 60 करोड़ से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है।

छत्तीसगढ़ को मिला विकास का लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान बनाए गए हैं। अकेले छत्तीसगढ़ में 10 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है और प्रतिदिन लगभग 1600 नए मकान तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और उड़ान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे क्षेत्रों में हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है।

About The Author